Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने दिनदहाड़े कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ राजू को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बाइक सवार दो बदमाशों ने एनएच-31 पर दौना के समीप उनकी सफारी गाड़ी पर गोलियां बरसाईं. गाड़ी पर छह से अधिक गोलियों के निशान मिले हैं. हालांकि, इस हमले में कुमार गौरव बाल-बाल बच गए और किसी को गोली नहीं लगी.


जानकारी के अनुसार, कुमार गौरव शहर के ट्रैफिक चौक के रहने वाले हैं. वे चर्चित शिक्षाविद और राम कुमारी लॉ कॉलेज के संस्थापक अनिल कुमार सिंह के पुत्र हैं. बताया जा रहा है कि बुधवार को वे पपरौर गांव में कब्रिस्तान के पास जमीन देखने गए थे. वहां से अपनी सफारी गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान जीरोमाइल ओपी क्षेत्र के दौना के पास एनएच-31 पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी.


अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बदमाशों ने एक के बाद एक कई गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना के बाद जब गाड़ी की जांच की गई तो उस पर छह से अधिक गोलियों के निशान मिले. राहत की बात रही कि इतनी गोलियां चलने के बावजूद कुमार गौरव सुरक्षित बच गए.


दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक मनीष खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति भी मौके पर पहुंचीं. इसके अलावा आसपास के कई थानों की पुलिस टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया.


पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस को घटनास्थल से गोली का खोखा भी मिला है.


मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के ट्रैफिक चौक निवासी कुमार गौरव पपरौर कब्रिस्तान के पास जमीन देखने गए थे. वहां से लौटने के दौरान एनएच-31 पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी सफारी गाड़ी पर करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग की. इस घटना में कुमार गौरव सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.


डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है. एफएसएल टीम ने भी जांच की है. पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस के जरिए बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की बात कही है.