Bihar Viral Video: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने 15 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई सीतामढ़ी के भिट्ठामोड़ बॉर्डर क्षेत्र में शनिवार देर रात की गई. गिरफ्तार आरोपितों के पास से गांजा के अलावा तीन मोबाइल फोन और 30,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं.


जानकारी के अनुसार, भिट्ठामोड़ बॉर्डर पर तैनात एसएसबी की 51वीं बटालियन को शनिवार देर रात तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद जवानों ने भिट्ठा थाना क्षेत्र के कोरियाही गांव के समीप तिरपित नगर इलाके में घेराबंदी शुरू की.


इसी दौरान संदिग्ध हालत में जा रहे तीन लोगों को एसएसबी जवानों ने रोककर उनकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से 15 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन और 30,500 रुपये नकद भी मिले. एसएसबी ने गांजा, नकदी और मोबाइल को जब्त कर तीनों को हिरासत में ले लिया.


दिल्ली के रहने वाले हैं तीनों आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिल्ली के भारत नगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर कॉलोनी निवासी मो. अली, मो. आशिक अली और मो. शाकिर के रूप में हुई है. तीनों से पूछताछ कर एसएसबी और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था.


जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा नेपाल के रास्ते भारत लाया गया था या सीमा क्षेत्र में सक्रिय किसी अन्य तस्करी नेटवर्क के जरिए इसकी आपूर्ति की गई थी.


एसएसबी ने तीनों को पुलिस को सौंपा

कार्रवाई पूरी करने के बाद एसएसबी ने बरामद गांजा, नकदी और मोबाइल फोन को जब्त करते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद तीनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भिट्ठा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.


भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल ने बताया कि एसएसबी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. रविवार को तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और बरामद गांजे की खेप को आखिर कहां पहुंचाया जाना था.