BEGUSARAI: बेगूसराय में एसएच-55 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खम्हार और मोहनपुर ढाला के बीच ट्रक और अपाचे बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक बिजली मिस्त्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दूसरे युवक ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ दो युवकों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


मृतकों की पहचान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित विषहर टोला निवासी स्वर्गीय छट्ठू शर्मा के 44 वर्षीय पुत्र रंजीत शर्मा और वार्ड संख्या-40 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामाशीष सिंह के 48 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। दोनों अपने-अपने परिवार के बड़े बेटे थे। इस हादसे ने दो परिवारों से उनका सहारा छीन लिया है।


काम के सिलसिले में सिरसी जा रहे थे दोनों 

मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत शर्मा बिजली मिस्त्री का काम करते थे। वह बैटरी, इनवर्टर और बिजली से जुड़े अन्य कार्य करते थे। वहीं, चंदन कुमार पहले मुंबई में जेट एयरवेज में काम करते थे। कोरोना काल में वह बेगूसराय लौट आए थे। इसके बाद वर्ष 2023 में उन्होंने शहर में जीवीपीके प्राइवेट लिमिटेड नाम से अपनी कंपनी शुरू की। वह कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) थे। उनकी कंपनी सोलर रूफटॉप, स्ट्रीट लाइट और डीजल जनरेटर सहित अन्य कार्यों से जुड़ी थी।


बताया जा रहा है कि खुदावनपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव में कंपनी का काम चल रहा था। इसी सिलसिले में चंदन कुमार और बिजली मिस्त्री रंजीत शर्मा एक ही अपाचे बाइक पर सवार होकर सिरसी गांव जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर ढाला के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।


टक्कर के बाद रंजीत शर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।


हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, ट्रक जब्त

भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।


पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान करने की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में ट्रक और बाइक के बीच इतनी भीषण टक्कर हुई।


हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस की कार्रवाई के बाद आवागमन सामान्य कराया गया।


रंजीत शर्मा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वाले रंजीत शर्मा अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। परिजनों के अनुसार, उन्होंने पिछले वर्ष ही अपनी बेटी की शादी की थी। उनका एक बेटा मानसिक रूप से बीमार बताया गया है। ऐसे में रंजीत की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के कमाऊ सदस्य को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


चंदन कुमार की दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

चंदन कुमार भी अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं—14 वर्षीय बड़ी बेटी दिति और 11 वर्षीय छोटी बेटी कामाक्षी। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। जिस पिता के सहारे उनका भविष्य संवरना था, उसी के यूं अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


चंदन कुमार की मौत से उनकी पत्नी और दोनों बेटियों के सामने जीवन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सदर अस्पताल में जुटे परिजन और स्थानीय लोग

दोनों युवकों की मौत के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर दोनों परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अपनों को खोने के गम में परिजन बिलखते रहे। अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन बना रहा।


वार्ड पार्षद राणा कुमार ने जताया शोक

वार्ड संख्या-27 के पार्षद राणा कुमार ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। इस कठिन परिस्थिति में ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने इस हादसे को परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बताया।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ट्रक चालक की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पीछे रह गईं अपनों को खोने की पीड़ा, बच्चों का अधूरा सहारा और परिवारों के सामने खड़े भविष्य के कई सवाल।