Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी नगर में सोमवार देर रात शादी समारोह की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टेंट लगाने के दौरान चार कामगार हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, चौथे कामगार को हल्का करंट लगने के बाद इलाज कर घर भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान बखरी नगर के वार्ड संख्या 24 निवासी रतन यादव के पुत्र सज्जन कुमार (40) और बखरी थाना क्षेत्र के करकौली निवासी उमेश महतो के पुत्र सौरभ कुमार (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को नगर परिषद के वार्ड संख्या 26 स्थित सुग्गा रोड में एक शादी समारोह आयोजित होना है। इसी को लेकर सोमवार देर रात लवली टेंट हाउस के कर्मचारी टेंट लगाने और लाइटिंग की व्यवस्था करने में जुटे थे।
इसी दौरान कामगार लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर लरी लगा रहे थे। तभी ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में चारों कामगार आ गए। करंट लगते ही सभी छटपटाने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सज्जन कुमार और सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक कामगार को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया। चौथे कामगार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सुग्गा रोड में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार काफी नीचे लटका हुआ है। घटनास्थल पर इसकी ऊंचाई महज 11 से 12 फीट बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तार को ऊंचा करने के लिए बिजली विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि शादी समारोह और काली मेला जैसे आयोजनों के दौरान इस नीचे लटके तार से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोग बिजली विभाग की लापरवाही की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।