Bihar News: बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल गांव में बच्चों के बीच हुए एक छोटे से विवाद ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया. शनिवार को दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए और जमकर हिंसक झड़प हो गई.


बताया जा रहा है कि शुरुआत बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद से हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला बड़ों तक पहुंच गया. इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ जुट गई और लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.


वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी की गई. इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं. कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है. सभी घायलों को इलाज के लिए तेघड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.


घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी और दोनों पक्षों के बीच झड़प का दृश्य दिखाई दे रहा है. पुलिस अब इसी वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.


प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में विवाद की वजह बच्चों के बीच हुआ झगड़ा सामने आया है. हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर एक छोटे विवाद ने इतना बड़ा रूप कैसे ले लिया.


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है. घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बेगूसराय से हरेराम दास की रिपोर्ट