Bihar Road Accident: बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। बेगूसराय और मुंगेर को जोड़ने वाले श्रीकृष्ण सेतु पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गए।


हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मुंगेर पुल के पास रात करीब 2 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।


सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से ट्रकों के केबिन को काटकर दोनों चालकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के गंगटा मोड़ निवासी 26 वर्षीय सुकेश कुमार और छौड़ाही/खोदावंदपुर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में की गई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक ट्रक अनाज लेकर साहेबपुर कमाल की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बालू लेकर मुंगेर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। पुलिस ने रॉन्ग साइड और ओवरटेकिंग को हादसे का संभावित कारण माना है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त रहने के कारण भारी वाहनों का दबाव इन दिनों मुंगेर पुल पर बढ़ गया है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।