BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित एसएच-55 पर दो चारपहिया वाहनों और एक बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।


मृतक की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र के लरुआड़ा वार्ड संख्या-4 निवासी मोहम्मद शाहबाज के 19 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अनस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनस अपने एक दोस्त के साथ बाइक से रिश्तेदारी में पवड़ा गांव जा रहा था। इसी दौरान मोहनपुर के समीप एसएच-55 पर सामने से आ रही एक कार से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर दूसरी कार से भी जा भिड़ी। हादसे में दोनों कारें और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद मोहम्मद अनस करीब 10 फीट दूर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान और उसकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।


बताया जा रहा है कि मृतक मोहम्मद अनस मैट्रिक का छात्र था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों और बाइक को जब्त कर थाना लाया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और युवक लहरिया कट शैली में वाहन चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई, जिससे यह भयावह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। एक बार फिर इस दर्दनाक हादसे ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन और वाहन चालकों, दोनों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।