BEGUSARAI: बेगूसराय में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ने एक मासूम की जिंदगी निगल गई। एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहट चांदनी चौक के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सड़क पार कर रहे स्कूली छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान बिहट गांव निवासी बलराम पासवान के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कन्हैया कुमार बाजार में कॉपी खरीदने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया। वाहन छात्र को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि कन्हैया कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।


सूचना मिलते ही एफसीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया कुमार गांव के ही एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था।


 इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।