BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। एफसीआई थाना क्षेत्र के रतन चौक के समीप एनएच-31 फोरलेन पर तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने पहले साइकिल सवार को रौंद दिया, फिर सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सोमवार की शाम उस समय हुआ जब बीहट चांदनी चौक की ओर से जीरोमाइल की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार सेंट्रो कार अनियंत्रित हो गई। रतन चौक स्थित चंपारण हांडी मटन के समीप पहले से सड़क किनारे एक फॉर्च्यूनर और एक नेक्सॉन वाहन खड़ा था। इसी दौरान सेंट्रो कार ने पहले साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारी और फिर दोनों खड़े वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दौड़ पड़े।


हादसे में नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या-28 मंझली वन निवासी शिव पासवान के 34 वर्षीय पुत्र रमेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि रमेश पासवान साइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


वहीं सेंट्रो कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एफसीआई थाना के एसआई रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अलग-अलग वाहनों से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के नवटोली गांव के रहने वाले हैं। परिवार के सदस्य राजगीर घूमकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी बेगूसराय में यह हादसा हो गया।घायलों में चालक बिपिन कुमार सिंह (26 वर्ष), उनका पांच वर्षीय पुत्र अक्षत सिंह, पत्नी अंशु सिंह (25 वर्ष), मां त्रिवेणी देवी, गीता देवी (45 वर्ष) तथा सोनी देवी (65 वर्ष) शामिल हैं।


डॉक्टरों के अनुसार चालक बिपिन कुमार सिंह को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी है। उनकी मां त्रिवेणी देवी को स्पाइन इंजरी हुई है, जिसके कारण दोनों पैरों ने काम करना बंद कर दिया है। पत्नी अंशु सिंह को भी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। पांच वर्षीय अक्षत सिंह के चेहरे पर चोट लगी है। वहीं सोनी देवी के सिर में गंभीर चोट आई है तथा उनका दायां हाथ टूट गया है। गीता देवी का बायां हाथ और बायां पैर भी फ्रैक्चर हो गया है। सभी घायलों का इलाज बेगूसराय के ग्लोकल हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां कई की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।


हादसे में साइकिल सहित तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-31 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। एफसीआई थाना के एसआई रोहित कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक रमेश पासवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


एक तरफ जहां रमेश पासवान की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं राजगीर घूमकर लौट रहा परिवार भी इस हादसे के बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। एक ही घटना में एक व्यक्ति की मौत और छह लोगों के गंभीर रूप से घायल होने से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।