BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। तेघड़ा थाना क्षेत्र के पीढौली के पास एनएच-28 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्रा साक्षी प्रिया की दर्दनाक मौत हो गई। वह कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


मृतका की पहचान पीढौली वार्ड नंबर-1 निवासी जितेंद्र कुंवर की 19 वर्षीय पुत्री साक्षी प्रिया के रूप में हुई है।


सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आई छात्रा

जानकारी के अनुसार, साक्षी प्रिया का घर पीढौली के पास एनएच-28 के किनारे है। वह कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। घर जाने के लिए जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे के कारण एनएच-28 पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


इसी साल पास किया था इंटर, स्नातक में लिया था दाखिला

साक्षी प्रिया ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई के लिए स्नातक में दाखिला लिया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़ाई पूरी कर अपने भविष्य को बेहतर बनाएगी और अपने पैरों पर खड़ी होगी। लेकिन सड़क हादसे ने परिवार के इन सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया।


साक्षी चार बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके बाद तीन छोटी बहनें हैं। परिवार में एक छोटा भाई भी है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता जितेंद्र कुंवर कोलकाता में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।


दो थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना और बछवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पीढौली के पास दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा होने के कारण दोनों थानों की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों को पुलिस ने समझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे तक एनएच-28 पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।


ट्रक जब्त, फरार चालक की तलाश जारी 

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को मौके से जब्त कर लिया है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, वाहन मालिक और चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साक्षी प्रिया जिस उम्र में अपने भविष्य को संवारने के लिए पढ़ाई और कॉलेज की ओर कदम बढ़ा रही थी, उसी उम्र में सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। उसकी मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।