BEGUSARAI: बिहार में नक्सली गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बेगूसराय जिला पुलिस की DIU (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये की इनामी नक्सली विनीता भारती को गिरफ्तार किया है। बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव से गिरफ्तारी हुई है। दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर सुनियोजित तरीके से छापेमारी की।
गिरफ्तार नक्सली की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम गांव निवासी स्वर्गीय अमरलाल देव उर्फ नकुल की पत्नी विनीता भारती के रूप में हुई है। वह संगठन में श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना सहित कई नामों से जानी जाती थी। पुलिस मुख्यालय की ओर से मई 2026 में पांच कांडों में संलिप्तता और फरारी को लेकर उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
संगठन को फिर सक्रिय करने की थी तैयारी, पुलिस को मिली भनक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनीता भारती की गतिविधियों पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान उसके बेगूसराय पहुंचने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि वह मुठभेड़ में मारे गए नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू की पत्नी से मिलने और संगठन के सदस्यों को दोबारा सक्रिय करने के उद्देश्य से बेगूसराय पहुंची थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। एसपी मनीष के नेतृत्व में DIU और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रणनीति के तहत बथौली गांव में छापेमारी की। इस कार्रवाई में डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति समेत वरीय पुलिस पदाधिकारी भी लगातार नजर बनाए हुए थे। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
तलाशी में मिले नक्सली गतिविधियों से जुड़े साहित्य
गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान पुलिस को नक्सली गतिविधियों से संबंधित किताबें और साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह संगठन में नए सदस्यों को जोड़ने और उसकी गतिविधियों का विस्तार करने की कोशिश में थी। हालांकि, उसकी वास्तविक मंशा, बेगूसराय आने का उद्देश्य और संगठन के अन्य सदस्यों से संपर्क को लेकर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
मुजफ्फरपुर के पारू थाना में आधा दर्जन से अधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नक्सली मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में दर्ज कई आपराधिक मामलों में फरार चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
बताया जा रहा है कि उसका नेटवर्क झारखंड से लेकर छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों तक फैला हुआ है। झारखंड में भी उसके खिलाफ इनाम घोषित होने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
दयानंद मालाकार एनकाउंटर के बाद फिर चर्चा में आया नक्सली नेटवर्क
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2025 की शाम बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर गांव में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू मारा गया था।
दयानंद मालाकार को माओवादी संगठन की उत्तर बिहार केंद्रीय क्षेत्रीय समिति का सचिव और एरिया कमांडर बताया गया था। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम सहित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। अब उसकी पत्नी से मिलने और संगठन को फिर सक्रिय करने के कथित उद्देश्य से विनीता भारती के बेगूसराय पहुंचने की बात सामने आने के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कई बिंदुओं पर जांच
विनीता भारती की गिरफ्तारी को पुलिस मुख्यालय बड़ी कामयाबी मान रहा है। डीजी कुंदन कृष्णन के निर्देश पर पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि बेगूसराय में उसकी गतिविधियों के पीछे कौन लोग थे, संगठन को सक्रिय करने की क्या योजना थी और जिले में नक्सली नेटवर्क को दोबारा खड़ा करने की कोई साजिश तो नहीं चल रही थी। साथ ही उसके संपर्कों, दूसरे राज्यों में सक्रिय सहयोगियों और विभिन्न आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में बेगूसराय पुलिस की DIU टीम और एसटीएफ की भूमिका अहम रही। तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई को जिले में नक्सली नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।