Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड अंतर्गत सोनमा गांव में शादी समारोह के दौरान मटकोर रस्म के समय पटाखा फोड़ने के दौरान एक हादसा हो गया। मंगलवार की रात करीब 8 बजे बोतल में पटाखा भरकर विस्फोट किए जाने से आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच।


घटना बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा वार्ड संख्या-8 निवासी बैद्यनाथ पाल के पुत्र रौशन कुमार की शादी समारोह के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि मटकोर रस्म के लिए लोग जा रहे थे, उसी दौरान कुछ युवकों द्वारा पटाखा छोड़ा जा रहा था। इसी बीच एक शीशे की बोतल में पटाखा रखकर विस्फोट किया गया। धमाका इतना तेज था कि बोतल के शीशे के टुकड़े आसपास मौजूद बच्चों को लग गए, जिससे कई बच्चे घायल हो गए।


घायलों में सोनमा निवासी महेश पाल की 15 वर्षीय भांजी वर्षा कुमारी, सुरेश पाल की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी, अमरजीत पाल की 8 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, अमरजीत पाल की 14 वर्षीय पुत्री गुंजन कुमारी, हसनपुर थाना क्षेत्र के भैटबन गांव निवासी ज्ञानी पाल की 8 वर्षीय पुत्री रेखा कुमारी, सहरसा निवासी निर्मल पाल की पुत्री बादल कुमारी तथा सलौना निवासी शिवशंकर पाल की 7 वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक इलाज स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के यहां कराया गया, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए अन्य जगह भेज दिया गया।


घटना के बाद गांव में यह चर्चा फैल गई कि बम विस्फोट हुआ है। हालांकि स्थानीय मुखिया रामकरण पासवान ने बम विस्फोट की बात से इनकार करते हुए कहा कि कुछ शरारती युवकों द्वारा शीशे की बोतल में पटाखा रखकर फोड़ा गया था, जिससे हादसा हुआ।


इधर सूचना मिलते ही बखरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में बम विस्फोट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बताया जाता है कि घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पटाखा फोड़ने वाले युवक की पिटाई भी कर दी।