BEGUSARAI:बेगूसराय जिले में एक बार फिर जमीन विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। महज पांच कट्ठा जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई के बेटे ने अपने परिजनों के साथ मिलकर चाचा और उनके परिवार पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है।


घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुजा वार्ड संख्या-18 की है। घायलों की पहचान विनोद कुमार, कविता देवी और भजो देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं, मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


चार नामजद सहित अन्य पर प्राथमिकी

घायल कविता देवी ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर चार लोगों के विरुद्ध नामजद शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में मैया देवी, धीरज कुमार, नीरज कुमार और शांति कुमारी सहित अन्य पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल नहीं होने के कारण अपने बड़े भाई अनिल कुमार राय को अभियुक्त नहीं बनाया गया है।


चारा खिलाने गए थे, तभी हुआ हमला

कविता देवी ने आवेदन में बताया कि वह अपने पति विनोद कुमार और सास भजो देवी के साथ गाय-भैंस को चारा खिलाने डेरा पर गई थीं। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए तथा कान की सोने की बाली और गले का ढोलना (आभूषण) छीनकर फरार हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और घर में ताला लगाने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर सभी लोग वहां से निकलने में सफल हुए।


छह महीने से चल रहा है जमीन विवाद

घायल विनोद कुमार ने बताया कि पांच कट्ठा जमीन को लेकर करीब छह महीने से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में उनके बड़े भाई के बेटे, उसकी बहन और अन्य परिजनों ने मिलकर हमला किया, जिसमें परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है।