Bihar Crime News: बेगूसराय में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है. नगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर, पोखरिया स्थित एक घर में छापेमारी कर पुलिस ने विदेशी पिस्टल, दो देसी कट्टा, एक देसी मस्केट और 39 कारतूस समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पोखरिया निवासी बुलन सिंह और उसके पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें रखने के पीछे क्या उद्देश्य था.


मामले को लेकर सदर-1 डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि एसपी मनीष के निर्देश पर जिले में पिछले तीन दिनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान विभिन्न मामलों में जारी वारंट के आधार पर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पोखरिया स्थित एक घर में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार रखे गए हैं.


पुलिस को देखकर भागने लगे पिता-पुत्र

गुप्त सूचना मिलने के बाद सदर-1 डीएसपी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित घर पर छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, घर में मौजूद दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान बुलन सिंह और शिवम कुमार के रूप में हुई. इसके बाद घर की तलाशी ली गई, जिसमें अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ.


विदेशी पिस्टल, दो कट्टा और 39 कारतूस जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने एक विदेशी पिस्टल, दो देसी कट्टा, एक देसी मस्केट और तीन मैगजीन बरामद कीं. इसके अलावा कुल 39 कारतूस, तीन मोबाइल फोन, खोखा, गोली का अग्र भाग और लोहे का एक पंजा भी जब्त किया गया है. पुलिस बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच कर रही है.


डीएसपी प्रशांत कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार शिवम कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. वहीं, उसके पिता बुलन सिंह के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस उद्देश्य से रखे गए थे और इस मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका है. मामले में तीन अन्य व्यक्तियों को भी सह-अभियुक्त बनाया गया है.


आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस कार्रवाई का नेतृत्व सदर-1 डीएसपी प्रशांत कुमार ने किया. छापेमारी दल में नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु, पर्यवेक्षी पदाधिकारी अर्चना सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार गौतम, सीमा कुमारी, मनीषा कुमारी और लाल साहेब तिवारी समेत नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पिता-पुत्र को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. अब पुलिस हथियारों के स्रोत, उनकी खरीद-बिक्री और इस मामले में किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता की जांच कर रही है.