Bihar Police: बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र में महिला के साथ हुए गैंगरेप मामले को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा और एसपी मनीष सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली.
अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों ने पीड़िता की स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों से मेडिकल जांच रिपोर्ट के संबंध में जानकारी ली. डीआईजी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है.
डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी. उन्होंने खुद एसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है. मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है.
उन्होंने कहा कि पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मामले में पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में चकिया थाना अध्यक्ष राजीव रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. SIT घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और जमीनी स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है.
बेगूसराय से हरेराम दास की रिपोर्ट