BEGUSARAI: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपना पुलिस को चकमा देने का काम कर रहे हैं। इस बार बेगूसराय में शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन इस बार बेगूसराय पुलिस और मध्य निषेध विभाग की संयुक्त कार्रवाई ने शराब तस्करों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई में 1000 से अधिक कार्टून विदेशी शराब और बीयर बरामद किया गया। इस दौरान ट्रक और पिकअप वैन को जब्त करते हुए कई ड्राइवर और खलासी को गिरफ्तार किया गया।


बताया जा रहा है कि राज्य व्यापक मध्य निषेध ब्यूरो पटना की टीम, उत्पाद विभाग और बेगूसराय पुलिस ने संयुक्त रूप से एनएच-31 और आसपास के इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।


पहली और सबसे बड़ी कार्रवाई एनएच-31 स्थित सनहा ढाला के समीप की गई। यहां मध्य निषेध विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर एक 12 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टून पाए गए। देखते ही देखते मौके पर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पहुंच गई।


अधिकारियों के अनुसार ट्रक से करीब साढ़े 550 से अधिक कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई है। हालांकि अभी भी कार्टूनों की गिनती जारी है और बरामद शराब की संख्या बढ़ सकती है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में ट्रक, बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपियों को उत्पाद थाना बेगूसराय को सुपुर्द कर दिया गया।


उत्पाद थाना अध्यक्ष भुवन ने बताया कि ट्रक पूरी तरह शराब से भरा हुआ था और इतनी बड़ी खेप बरामद होना बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और बिहार में किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी।


शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए अब नए तरीके अपना रहे हैं। दूसरी कार्रवाई साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में की गई, जहां “डाक पार्सल” लिखी एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टून बरामद हुए।


पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और वाहन को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए साहेबपुर कमाल थाना को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर अक्सर पार्सल, फल-सब्जी, दूध, मेडिकल या अन्य सामान के नाम पर शराब की खेप बिहार में पहुंचाने का प्रयास करते हैं ताकि पुलिस को शक न हो।


इसी क्रम में राज्य व्यापक मध्य निषेध ब्यूरो पटना की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर गुमटी के समीप एनएच-31 पर एक और बड़ी कार्रवाई की। यहां भी “डाक पार्सल” लिखी पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 225 से अधिक कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन चालक और उपचालक दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिला अंतर्गत दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र के भरतपुर पंसारी निवासी दयानंद सिंह और नीरज कुमार के रूप में की गई है। 


दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार के किस जिले में इसकी सप्लाई होनी थी। इस पूरे मामले को लेकर सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि लोहियानगर ओवरब्रिज के समीप एनएच-31 पर “डाक पार्सल” लिखे वाहन से 200 से अधिक कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई है। दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका सामने आ रही है।


 पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से आ रही थी और किन लोगों तक इसकी डिलीवरी होनी थी। वहीं उत्पाद थाना अध्यक्ष भुवन ने बताया कि सनहा ढाला के समीप पकड़े गए 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। बरामद कार्टूनों की गिनती जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बेगूसराय पुलिस और मध्य निषेध विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


 पुलिस का कहना है कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेषकर एनएच-31 को शराब तस्करों का प्रमुख रूट माना जा रहा है, जहां से बड़े पैमाने पर शराब की खेप बिहार के अलग-अलग जिलों में पहुंचाने की कोशिश की जाती है। फिलहाल पुलिस ने सभी बरामद शराब, ट्रक और पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।