Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 में पटाखे से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि घर में रखा गैस सिलेंडर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट होते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया था। इस अगलगी में दो मोटरसाइकिल समेत घर में रखे अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। शुरुआती आकलन के अनुसार, अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि उक्त मकान शिल्पी कुमारी के नाम पर है, जो फिलहाल झारखंड में रहती हैं। उन्होंने मकान किराये पर दे रखा है। घटना के वक्त किरायेदार किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पटाखे से आग लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के एक कर्मी ने बताया कि फोन के माध्यम से लोहियानगर वार्ड संख्या-28 में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची तो आग काफी भयावह स्थिति में थी। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि इस भीषण अगलगी के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। इससे किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई। हालांकि, दो बाइक समेत लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट होने से मकान मालिक और किरायेदार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।