BEGUSARAI: बड़े पद पर पहुंचने के बाद अक्सर लोग अपनी पुरानी जिंदगी और मिट्टी से जुड़ाव भूल जाते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो अपनी जिम्मेदारियों के साथ जमीन से जुड़े रहना नहीं भूलते। बेगूसराय के जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की एक ऐसी ही तस्वीर सामने आई है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है।
जिस डीएम के पास पूरे जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी होती है, वही डीएम खेत में पहुंच जाए, इनका अंदाज कुछ अलग ही नजर आया। न कोई औपचारिकता, न कोई दूरी.. हाथों में हंसुआ थामा और किसानों के बीच पहुंचकर खुद धान की कटनी करने लगे। उनकी यह तस्वीर प्रशासनिक पद की गरिमा के साथ सादगी और खेती-किसानी से जुड़ाव का संदेश देती नजर आई। डीएम साहब जब खेत में पहुंचे तो सिर्फ अधिकारियों के साथ खड़े होकर निरीक्षण नहीं किया, बल्कि खुद हाथों में हंसुआ थामा और किसानों के बीच उतरकर धान की कटनी करने लगे। बड़ी जिम्मेदारी और प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच भी अपनी मिट्टी और जड़ों से जुड़ाव इंसान की असली पहचान होती है।
दरअसल, कृषि वर्ष 2026-27 के तहत अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिला पदाधिकारी रिची पांडेय बलिया प्रखंड की रहाटपुर पंचायत स्थित राजस्व ग्राम रहाटपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खेत में उतरकर खुद धान की फसल काटी। उनकी यह सहज और सादगी भरी तस्वीर प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ आम लोगों और किसानों के जीवन से जुड़ाव का एक अलग संदेश देती नजर आई।
वैज्ञानिक तरीके से किया गया फसल कटनी प्रयोग
फसल कटनी प्रयोग राजस्व ग्राम रहाटपुर के थाना संख्या-535, खेसरा संख्या-805 एवं रैंडम संख्या-9900 के तहत स्थानीय किसान विवेकानंद कुमार, पिता रामविलास सिंह के खेत में संपन्न कराया गया।इस दौरान डीएम ने निर्धारित वैज्ञानिक मानकों के अनुसार चिह्नित प्लॉट की मापी, धान की कटाई और दंवरी (थ्रेसिंग) की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। कटनी एवं दंवरी के बाद प्राप्त हरे धान का वजन 35.260 किलोग्राम दर्ज किया गया।
जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि फसल कटनी प्रयोग की पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। साथ ही उपज का वजन भी पूरी सटीकता के साथ दर्ज किया जाए।
किसानों के हित से जुड़ा है फसल कटनी प्रयोग
इस अवसर पर डीएम रिची पांडेय ने कहा कि फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से जिले में धान की वास्तविक औसत उपज और उत्पादकता का वैज्ञानिक एवं वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाता है। इसी आंकड़े के आधार पर फसल क्षति का आकलन, फसल बीमा योजनाओं के तहत किसानों को मिलने वाले लाभ और कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं।
उन्होंने कृषि एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी निर्धारित स्थलों पर फसल कटनी प्रयोग तय समय-सीमा के भीतर निष्पक्षता, पारदर्शिता और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि किसानों की वास्तविक उपज का सही आंकड़ा सामने आ सके।
अधिकारियों के साथ किसान भी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बलिया अजय यादव, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मी, अन्य संबंधित पदाधिकारी और स्थानीय किसान मौजूद रहे।
पद की गरिमा अपनी जगह है, लेकिन खेत में उतरकर हंसुआ चलाने की यह तस्वीर एक अलग ही संदेश दे गई। खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों के बीच पहुंचकर डीएम का खुद धान काटना बताता है कि प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ आम जनजीवन और खेती-किसानी की वास्तविकता को करीब से समझना भी कितना जरूरी है। आखिरकार, मिट्टी से जुड़ाव ही किसी भी समाज और व्यवस्था की असली ताकत है।