BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। बछवाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर मोहनिया ढाला के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के बैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णुपुर दिगंबरा गांव निवासी कुंदन कुमार के 22 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार तथा गोपाल कुमार सिंह के करीब 22 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार और पड़ोसी थे। गुलशन कुमार रिश्ते में अंशु के चाचा लगते थे।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अंशु कुमार के नाना का शनिवार को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अंशु और गुलशन शनिवार की रात बाढ़-बख्तियारपुर के अथमलगोला गांव पहुंचे थे। रविवार को नाना का दाह-संस्कार करने के बाद दोनों बाइक से अपने घर समस्तीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित मोहनिया ढाला के समीप एनएच-28 पर दोनों हादसे का शिकार हो गए।
बताया जाता है कि दोनों युवक पढ़ाई भी कर रहे थे। हालांकि, अंशु कुमार निजी तौर पर नौकरी भी करता था। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक नाना के निधन और अंतिम संस्कार का गम था, वहां अब दो युवकों की असामयिक मौत से मातम पसर गया है।
सीसीटीवी फुटेज से बस की पहचान में जुटी पुलिस, परिजनों ने भी पहचाना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बछवाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
इधर, बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं। फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल बस की पहचान की जा रही है। परिजनों द्वारा भी बस की पहचान की गई है। उनके द्वारा दी गई जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही फरार बस और उसके चालक को कब्जे में ले लिया जाएगा।
एक साथ दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ओर दोनों युवक नाना का अंतिम संस्कार कर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।