Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। जोकिया-रसलपुर बहियार में साढ़े नौ बीघा जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में गोलीबारी हुई, जिसमें घायल 70 वर्षीय किसान उपेंद्र चौधरी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
मृतक उपेंद्र चौधरी रसलपुर गांव के निवासी थे और लंबे समय से विवादित जमीन पर अपना दावा कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, इस जमीन को लेकर मामला अदालत में चल रहा था, जिसमें लोअर कोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट दोनों से फैसला उपेंद्र चौधरी के पक्ष में आया था। कोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने खेत में गेहूं की फसल लगाई थी, लेकिन यही फसल उनकी जिंदगी की आखिरी लड़ाई बन गई।
बताया जाता है कि 5 अप्रैल को दूसरे पक्ष के लोग विवादित खेत में घुसकर गेहूं काटने लगे। इसकी सूचना मिलने पर 6 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे उपेंद्र चौधरी अपने पुत्र निर्मल चौधरी और अन्य परिजनों के साथ थ्रेसर लेकर खेत पहुंचे। वहां पहले से मौजूद आरोपी पक्ष के लोग भी थ्रेसर लगाकर गेहूं की दौनी कर रहे थे। जैसे ही उपेंद्र चौधरी ने इसका विरोध किया, दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के सोनू चौधरी और प्रेमशंकर चौधरी ने उपेंद्र चौधरी को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और लाठी, डंडा, लोहे की रॉड तथा खंती से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया। उपेंद्र चौधरी की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आज सुबह करीब चार बजे उनकी मौत हो गई।
उपेंद्र चौधरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद पटना से गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर भगवानपुर थाना में कांड संख्या 90/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में सोनू चौधरी, विजय चौधरी समेत कुल 12 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है।