Bihar News: बिहार के बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बालिका गृह से पांच नाबालिग बच्चियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एक्टिव हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष स्वयं बालिका गृह पहुंचे और वार्डन सहित अन्य कर्मियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे रतनपुर थाना को सूचना मिली कि बालिका गृह में रह रही पांच नाबालिग बच्चियां बिना किसी सूचना के परिसर से लापता हो गई हैं। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद वरीय अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई।



पुलिस ने बच्चियों की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सदर-01 डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की है। टीम बालिका गृह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, वहीं तकनीकी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि बच्चियों की जल्द से जल्द लोकेशन का पता लगाया जा सके।



इसके अलावा जिले के सभी थाना, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के जिलों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) और बाल कल्याण समिति (CWC) को भी घटना की सूचना देकर समन्वय के साथ बच्चियों की तलाश तेज कर दी गई है।



पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही बच्चियों का पता लगाकर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।