BEGUSARAI: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को सेना की बस 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 3 जवानों की मौत हो गयी। मृतक की पहचान अमित, सुजीत और मन बहादुर के रूप में हुई है। इनमें से एक शहीद जवान बेगूसराय का लाल सुजीत है, जो चकिया थाना क्षेत्र के अमरपुर वार्ड संख्या 8 के रहने वाले थे।
शहीद सुजीत कुमार पठानकोट में जॉइंट कमिश्नर ऑफिसर के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी सिंधु देवी, तीन बच्चों में एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनकी एक बेटी संध्या कुमारी पटना में सेना में जाने के लिए एनडीए की तैयारी कर रही है। सुजीत कुमार के परिवार में तीन बहनें और चार भाई हैं। सुजीत दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने 2001 में आर्मी में सिपाही के पद पर नौकरी शुरू की थी।
शहीद सुजीत की शादी 2004 में हुई थी। उनके पिता झपस राय रेल कर्मी थे। जो 6 साल पहले रिटायर हो गए हैं। परिजनों ने बताया कि शहीद जवान सुजीत कुमार का डेड बॉडी मंगलवार तक पहुंचने की संभावना है। यह घटना अत्यंत दुखद है और देश के लिए एक बड़ा नुकसान है।
शहीद सुजीत कुमार की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार के प्रति लोग संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में मातम का माहौल है। लोग इस घटना पर दुख प्रकट कर रहे हैं और पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पर पहुंच रहे हैं।