बांका: श्रावणी मेले के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांवरिया पथ स्थित टोना पाथर, कटोरिया (बांका) में बोल बम सेवा समिति द्वारा आयोजित सेवा शिविर में पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ के श्रद्धालुओं की सेवा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं सेवा कार्य में भाग लेकर सेवा और समर्पण का संदेश दिया।
नित्यानंद राय ने शिविर में मौजूद कांवरिया श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सेवा कार्य में लगे समिति के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन भी किया और कई कांवरियों की सेवा की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना अपने आप में पुण्य का कार्य है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि “सेवा ही भगवान शिव की सच्ची साधना है।” उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा में सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग जिस समर्पण के साथ दिन-रात जुटे हैं, वह बिहार की सेवा भावना और सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है।
उन्होंने बोल बम सेवा समिति के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे गर्मी, बारिश और कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनका योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है।
नित्यानंद राय ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सुविधा और सुरक्षा भी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कांवरिया पथ पर सेवा का यह अभियान और अधिक प्रभावी बन रहा है।
अंत में उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें तथा बिहार और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएं।