Bihar Crime News: बांका के सुइया थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने एक तेल टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. सतलेतवा चौक के पास वाहन जांच के दौरान पकड़े गए टैंकर के अंदर बने गुप्त चैंबर से 72 कार्टन शराब मिली है. बरामद शराब की कुल मात्रा 637.200 लीटर बताई गई है. मामले में खगड़िया जिले के रहने वाले चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है.
उत्पाद विभाग की टीम सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सतलेतवा चौक के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप तेल टैंकर को संदेह के आधार पर रोका गया. वाहन की जांच के दौरान चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं.
गुप्त चैंबर में छिपाकर रखी थी शराब
संदेह के आधार पर उत्पाद विभाग के जवानों ने टैंकर के ऊपरी हिस्से और अंदर बने चैंबर की जांच की. जांच के दौरान उसमें शराब के कार्टन छिपाकर रखे मिले. इसके बाद टैंकर से सभी कार्टन बाहर निकाले गए. गिनती करने पर कुल 72 कार्टन मिले, जिनमें 637.200 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
उत्पाद विभाग ने शराब की पूरी खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तेल टैंकर को भी जब्त कर लिया है.
खगड़िया के रहने वाले हैं चालक और उपचालक
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिले के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर निवासी चालक धर्मवीर कुमार और उपचालक रिश्रीदेव कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की यह खेप झारखंड की सीमा से लोड की गई थी और इसे खगड़िया पहुंचाना था.
मुख्य रिसीवर की तलाश में जुटी पुलिस
उत्पाद विभाग के थानाध्यक्ष जीवेश कुमार के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपितों की भूमिका शराब की खेप पहुंचाने वाले कैरियर के रूप में सामने आई है. अब टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खगड़िया में शराब की खेप किस व्यक्ति को पहुंचाई जानी थी.
अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है. दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.