Bihar weather news: बांका में रविवार को बारिश के साथ हुए वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग झुलस गए. हादसे के बाद कई गांवों में चीख-पुकार मच गई. बड़ी संख्या में लोग घायलों और मृतकों को लेकर अस्पताल पहुंचे.
जिले में वज्रपात की घटनाएं बांका टाउन थाना क्षेत्र के अलावा अमरपुर, बाराहाट और रजौन इलाके में हुईं. ज्यादातर हादसे खेतों में धान की रोपनी के दौरान हुए. बारिश शुरू होने के बाद खेतों में काम कर रहे लोगों के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए.
पिता-पुत्र की खेत में ही मौत
ओढ़नी थाना क्षेत्र के खावा गांव में रविवार को धान की रोपनी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई. मृतकों की पहचान घनश्याम यादव के 37 वर्षीय पुत्र ब्रह्मदेव यादव और उनके छह वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.
बताया गया कि ब्रह्मदेव यादव खेत में धान की रोपनी कर रहे थे. उनका छह वर्षीय बेटा प्रिंस कुमार भी उसी दौरान खेत के आसपास मौजूद था. इसी बीच मौसम बदला और बारिश के साथ आसमान में तेज गर्जना होने लगी. बारिश से बचने के लिए दोनों पिता-पुत्र पेड़ के पास चले गए. इसी दौरान अचानक वज्रपात हो गया और दोनों इसकी चपेट में आ गए.
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर उस्मान घनी ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक ब्रह्मदेव की पत्नी रेखा देवी और उनकी मां इनो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार दोनों बार-बार बेसुध हो जा रही थीं.
रोपनी के दौरान इनोद यादव की भी मौत
दूसरी घटना टाउन थाना क्षेत्र के गोलाहू गांव में हुई. यहां खेत में धान की रोपनी के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से इनोद यादव इसकी चपेट में आ गए. हादसे में उनकी मौत हो गई.
इनोद यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. बताया गया कि इनोद यादव अपने पीछे पत्नी और पांच बेटियों को छोड़ गए हैं.
लीलावरण में महिला की मौत
तीसरी घटना टाउन थाना क्षेत्र की डाढ़ा पंचायत के लीलावरण गांव में हुई. यहां रविवार को खेत में रोपनी के दौरान बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई. इसकी चपेट में आने से प्रकाश यादव की पत्नी सरिता देवी की मौत हो गई.
हादसे के बाद परिजन सरिता देवी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया.
अलग-अलग इलाकों में कई लोग झुलसे
रविवार को बांका के अमरपुर, बाराहाट और रजौन समेत अन्य इलाकों में भी वज्रपात की घटनाएं सामने आईं. इन हादसों में करीब एक दर्जन लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है. घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं के बीच खेतों में काम कर रहे लोगों में भी डर का माहौल है. बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.