Bihar Crime News: बिहार के बांका जिले से बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. बौंसी थाना क्षेत्र स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में पहली कक्षा के 8 वर्षीय छात्र पर देर रात जानलेवा हमला किया गया. हमले में मासूम छात्र के सिर और चेहरे पर चाकू से वार किए गए, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
मामला बौंसी थाना क्षेत्र के माउंट केरला आवासीय विद्यालय का है. घायल छात्र की पहचान कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव निवासी कुमुद यादव के 8 वर्षीय बेटे आनंद कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आनंद गर्मी की छुट्टियों के बाद कुछ दिन पहले ही हॉस्टल वापस आया था.
परिजनों के मुताबिक घटना देर रात करीब 12 बजे की है. सुबह करीब पांच बजे हॉस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों ने आनंद को अर्धनिर्मित टॉयलेट की छत के पास घायल हालत में देखा. बच्चे के शरीर से खून निकल रहा था, जिसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में इसकी सूचना स्टाफ को दी गई और घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में हॉस्टल में लगा सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ मिला. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कैमरा किसने और क्यों तोड़ा.
प्रशासन की जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
घटना के बाद जब शिक्षा विभाग की टीम ने हॉस्टल की जांच की तो कई खामियां सामने आईं. जांच में पता चला कि हॉस्टल संचालन के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं लिया गया था.
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज मिश्रा ने बताया कि स्कूल का रजिस्ट्रेशन हाल ही में हुआ था, लेकिन अभी तक यू-डाइस कोड जारी नहीं किया गया था. इसके अलावा हॉस्टल चलाने की अनुमति भी नहीं ली गई थी.
जांच टीम ने पाया कि हॉस्टल अर्धनिर्मित भवन में चल रहा था और वहां बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम भी पर्याप्त नहीं थे. ऐसे में प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
कटोरिया थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है. सीसीटीवी खराब मिलने के कारण जांच में परेशानी हो रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है.