Vigilance Raid Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी का एक्शन लगातार जारी है। ताजा मामला बांका से सामने आया है, जहां निगरानी की टीम ने फुल्लीडुमर प्रखंड के बीडीओ को 75 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी ने आरोपी प्रखंड विकास पदाधिकारी के बांका शहर स्थित नेहरू कॉलोनी मोहल्ला के आवास पर छापेमारी की है।
दरअसल, बांका के फुल्लीडुमर प्रखंड के बीडीओ अमित कुमार सिंह के खिलाफ निगरानी को भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। शिकायत दर्ज होने के बाद निगरानी ने जांच में आरोप को सही पाया। मंगलवार की सुबह निगरानी की टीम बांका पहुंची और आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार करने का जाल बिछाया और आरोपी को उसके किराए के आवास से रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान मौजूद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि फुल्लीडुमर प्रखंड के प्रमुख पंचायत समिति गौतम प्रकाश ने निगरानी ब्यूरो में 5 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पंचायत की 26 विभिन्न विकास योजनाएं,जो लगभग 70 से 75 लाख रुपये की थी, इसमें 5 प्रतिशत की कमीनशन मांग रहे थे। पंचायत समिति गौतम प्रकाश ने कई बार कोशिश की लेकिन उनका काम नहीं किया गया।
डीएसपी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने निगरानी में बीडीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए गए। एडवांस के तौर पर 75 हजार रुपए में मामला सेट हुआ। मंगलवार को बीडीओ अपने आवास पर रिश्वत के 75 हजार रुपए ले रहे थे, तभी निगरानी ने धावा बोल दिया। बीडीओ के रिश्तेदार के पास से 75 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी के घर की भी तलाशी ली जा रही है।
बीडीओ के साथ साथ उनके मामा को भी गिरफ्तार किया गया है, जो भ्रष्टाचार के खेल में शामिल थे। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद निगरानी की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद दोनों को निगरानी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि यह वही बीडीओ हैं जिनके साथ एक दिन पहले फुल्लीडुमर प्रखंड कार्यालय में मारपीट की घटना हुई थी। सोमवार को जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इस दौरान बीडीओ अमित प्रताप सिंह गिर पड़े। घटना के बाद प्रखंड कार्यालय के बाहर करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला था। बाद में बीडीओ का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया। मामले में मध्यगिरि गांव के पूर्व मुखिया संजीव मंडल समेत प्रदीप यादव, अशोक यादव और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।