औरंगाबाद: जनसुराज के सूत्रधार और हाल ही में बांकीपुर से विधायक बने प्रशांत किशोर के गुरुवार को औरंगाबाद में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली कटने के बाद माइक भी बंद हो गया। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर पॉकेटमारों ने कई लोगों की जेब पर हाथ साफ कर दिया। यहां तक कि विधानसभा चुनाव में रफीगंज सीट से जनसुराज के प्रत्याशी रहे विकास कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह का मोबाइल भी चोरी हो गया।


भाषण के दौरान गुल हुई बिजली, बंद हो गया माइक

कार्यकर्ताओं के अभिनंदन से अभिभूत प्रशांत किशोर ने जैसे ही अपना राजनीतिक संबोधन शुरू किया, करीब 8-10 मिनट बाद ही कार्यक्रम स्थल सम्राट अशोक हॉल की बिजली गुल हो गई। बिजली जाने के साथ ही माइक भी बंद हो गया, जिसके बाद प्रशांत किशोर ने अपना भाषण रोक दिया।


बताया गया कि प्रशांत किशोर और आयोजक बिजली बहाल होने या जेनसेट चालू होने का इंतजार करते रहे। इसी दौरान हॉल में अंधेरा छा गया और कथित तौर पर पॉकेटमारों ने इसका फायदा उठाते हुए कई लोगों की जेब साफ कर दी।


पूरा भाषण दिए बिना हॉल से निकले प्रशांत किशोर

काफी देर तक बिजली नहीं आने और जेनसेट चालू नहीं होने के बाद प्रशांत किशोर हॉल से बाहर निकल गए। इसके बाद उन्होंने हॉल के बाहर खुले स्थान पर सोशल मीडिया को बयान दिया और वहीं से अपने वाहन से पटना के लिए रवाना हो गए।


प्रशांत किशोर के अपना संबोधन पूरा किए बिना कार्यक्रम से चले जाने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निराशा देखी गई। कई समर्थक उनका पूरा भाषण सुनने की उम्मीद से कार्यक्रम में पहुंचे थे।


कार्यक्रम की व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रशांत किशोर का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम जनसुराज पार्टी की औरंगाबाद जिला कमिटी की ओर से आयोजित किया गया था। हालांकि, स्थानीय होने के कारण पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह कार्यक्रम में मुख्य आयोजक की भूमिका में नजर आए।


कार्यक्रम स्थल पर जिलास्तरीय नेताओं की तुलना में राष्ट्रीय प्रवक्ता की ओर से लगाए गए बैनर-पोस्टर अधिक दिखाई देने की बात कही गई। बिजली व्यवस्था को लेकर हुई अव्यवस्था और कार्यक्रम के बीच में ही प्रशांत किशोर के चले जाने के बाद आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।


बताया गया कि प्रशांत किशोर के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले कुमार सौरभ सिंह मंच पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए थे, लेकिन प्रशांत किशोर के कार्यक्रम से निकलने के बाद वह भी आयोजन स्थल पर दिखाई नहीं दिए।