Bihar Road Accident: बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिता और आठ साल के बेटे समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग राहत-बचाव के लिए पहुंच गए।
मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में भगवान दास के बेटे नीतीश चौहान, उनकी बहन और राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी शामिल हैं।
मुंबई से घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी किरण कुमारी और आठ वर्षीय बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस से बनारस पहुंचे थे। वहां से अपने गांव नवादा जाने के लिए उन्होंने साले नीतीश चौहान और ससुर भगवान दास के साथ स्कॉर्पियो से आगे का सफर शुरू किया था। परिवार के सभी छह लोग घर लौट रहे थे, लेकिन औरंगाबाद पहुंचते ही उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
गुरुवार सुबह स्कॉर्पियो रतनुआ पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
सदर अस्पताल में सभी घायलों का इलाज शुरू किया गया। हालांकि, राजकुमार चौहान की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही नवादा से मृतकों के परिजन औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। एक साथ परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खासकर आठ साल के रितेश की मौत से अस्पताल में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। जिस परिवार के लोग कुछ घंटों बाद अपने घर पहुंचने वाले थे, वहां अब तीन लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है।
औरंगाबाद एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है। घटना की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।