Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज में एक युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। मरीज के इलाज से इनकार करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया था। इस दौरान गंभीर रूप से घायल चरकूपा गांव निवासी 45 वर्षीय सिकंदर खान की पटना में इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नुनिया टिल्हा स्थित पी. मेमोरियल अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और क्लीनिक में आग लगा दी। इतना ही नहीं, अस्पताल की एंबुलेंस को भी आग के हवाले कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने रफीगंज-गया मुख्य सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिया। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इस रास्ते से गुजरने से बचते रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार देर रात सिकंदर खान गुलजार बिगहा के एक मरीज को इलाज के लिए नुनिया मोहल्ला स्थित पी. मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल संचालक डॉ. रंजीत यादव ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर सिकंदर खान और डॉक्टर के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और रॉड से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान सिकंदर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया। वहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिकंदर खान की मौत की खबर मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में उनके परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। दोपहर करीब 11 बजे आक्रोशित लोगों ने पी. मेमोरियल अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। क्लीनिक में रखे सामान में आग लगा दी गई और अस्पताल की एंबुलेंस को भी जला दिया गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने नुनिया टिल्हा के पास सड़क पर आगजनी कर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शनकारी घटना के आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे।
हंगामे के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। आग बुझाने पहुंचे अग्निशमन वाहन में भी लोगों ने तोड़फोड़ कर दी, जिसके बाद दमकलकर्मियों को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान थानाध्यक्ष और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार, मुफस्सिल इंस्पेक्टर मो. परवेज, नगर थाना इंस्पेक्टर फहीम आजाद खां, रफीगंज इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, इंस्पेक्टर रामजी प्रसाद और थानाध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बीडीओ कुमार अश्विनी और अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
भीड़ के आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। स्थानीय वार्ड पार्षद नुरूल होडा खान, शमू खान, मो. सुहैल, मो. जुबैर और पूर्व मुखिया शाहजादा शाही समेत कई स्थानीय लोगों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद करीब पांच घंटे की मशक्कत से सड़क जाम हटाया गया।
रफीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में चिकित्सक डॉ. रंजीत कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, सड़क जाम और हंगामे के मामले में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।