Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले के एक कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में 10वीं की छात्रा के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है. आरोप स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक पर लगा है. पीड़िता के अनुसार, शिक्षक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया और विरोध करने पर माता-पिता की हत्या करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता था. छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर शिक्षक ने उसे दवा खिलाई.


मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों ने जम्होर थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान भी दर्ज कराया है. मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.


स्कूल के दस्तावेज से निकाला मोबाइल नंबर

परिजनों की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने करीब एक महीने पहले स्कूल में जमा दस्तावेजों से छात्रा का मोबाइल नंबर निकाला था. इसके बाद उसने स्कूल के कामकाज, पढ़ाई और होमवर्क के बहाने छात्रा से बातचीत शुरू की.


आरोप है कि धीरे-धीरे शिक्षक ने छात्रा को अपने भरोसे में लिया और शादी करने का झांसा देकर उसका यौन शोषण करने लगा. पीड़िता का कहना है कि शिक्षक उसे लगातार माता-पिता की हत्या करने की धमकी देता था. इस वजह से वह डर के कारण किसी को कुछ नहीं बता पा रही थी.


परिजनों के मुताबिक, शिक्षक की कथित धमकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर छात्रा ने कुछ दिन पहले हॉस्टल भी छोड़ दिया था. इसी दौरान उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली. छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसने इसकी जानकारी शिक्षक को दी तो उसने उसे बुलाकर दवा खिला दी.


इसके बाद पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई. जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे लेकर जम्होर थाना पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.


परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने छात्रा का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया. इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया गया है.


मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित कानूनी धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.


घटना सामने आने के बाद पीड़िता के माता-पिता ने आरोपी शिक्षक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. परिजनों ने शिक्षा विभाग से शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त करने की भी मांग की है.


जम्होर थाना के एसएचओ दीपक कुमार राय ने बताया कि पीड़िता और उसके परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. मामला संवेदनशील है और पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश की जा रही है.