AURANGABAD: बिहार में सुशासन दिवस के बहाने नीतीश कुमार के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाने निकली जदयू को औरंगाबाद में अपने ही नेताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सोमवार को सम्राट अशोक भवन में आयोजित 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब मंच पर ही पार्टी के कुछ नेता आपस में उलझ गए। देखते ही देखते बहस ने हंगामे का रूप ले लिया। स्थिति ऐसी बन गई कि कार्यक्रम की कार्यवाही प्रभावित होने लगी।


भाषण में नाम नहीं आने पर भड़का विवाद

कार्यक्रम में पार्टी के कई नेता और वक्ता संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ नेताओं के भाषण में जिले के चुनिंदा पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं का नाम लिया गया, लेकिन बारूण और नबीनगर क्षेत्र से जुड़े कुछ नेताओं का नाम संबोधन में शामिल नहीं किया गया। इसी बात को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी। 


नाम नहीं लिए जाने से खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे कुछ नेता आखिरकार मंच पर पहुंच गए। वहां उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। इस दौरान तीखी नोकझोंक हुई और काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।


युवा जदयू जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने जताई नाराजगी

मंच पर विरोध जताने वालों में युवा जदयू जिलाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू, जदयू खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, बारूण के नेता संजीत कुमार सिंह, जनकोप पंचायत के पूर्व मुखिया नागेंद्र सिंह और उनके समर्थक शामिल बताए जा रहे हैं।


इन नेताओं की नाराजगी का मुख्य मुद्दा बारूण और नबीनगर क्षेत्र के नेताओं की कथित उपेक्षा था। उनका कहना था कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी का काम करते हैं और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक मंच पर उनका नाम तक नहीं लिया जाना अपमानजनक है। उन्होंने इसे पार्टी के भीतर मनमानी और तानाशाही बताते हुए विरोध दर्ज कराया। काफी गहमागहमी के बाद किसी तरह कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।


विधायक चेतन आनंद के खिलाफ भी खोल चुके हैं मोर्चा

कार्यक्रम में विरोध जताने वाले युवा जदयू जिलाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। वे नबीनगर के जदयू विधायक चेतन आनंद के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। राजीव रंजन ने इस संबंध में प्रेसवार्ता कर भी अपनी बात सार्वजनिक की थी। हालांकि, उस समय पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।


कार्यक्रम के पोस्टर से दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीर गायब

कार्यक्रम के दौरान एक और बात ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी। सम्राट अशोक भवन में लगाए गए कार्यक्रम के पोस्टर पर बिहार सरकार में जदयू कोटे के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव की तस्वीरें नजर नहीं आईं। दोनों नेताओं को सरकार में अहम जिम्मेदारी मिली हुई है। ऐसे में पार्टी के बड़े कार्यक्रम के पोस्टर से उनकी तस्वीरें गायब रहने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।


इससे पहले जदयू प्रवक्ता की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में ललन सिंह की तस्वीर भी नहीं थी। हालांकि, बाद में उसमें उनकी तस्वीर जोड़ दी गई। लेकिन दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीर पूरे कार्यक्रम के पोस्टर से गायब रही। रफीगंज के विधायक प्रमोद सिंह की ओर से लगाए गए पोस्टर में भी दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीर नहीं दिखाई दी।


सुशासन के संदेश के बीच संगठन की खींचतान उजागर

एक तरफ कार्यक्रम में नीतीश कुमार के शासनकाल और जंगलराज से सुशासन तक के सफर की चर्चा हो रही थी, तो दूसरी तरफ मंच पर नेताओं की नाराजगी ने संगठन के भीतर की खींचतान को सार्वजनिक कर दिया। अब सवाल यह है कि जिस पार्टी का कार्यक्रम सुशासन और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने के लिए आयोजित किया गया था, उसी के मंच पर नेताओं के बीच इस तरह का विवाद आखिर किस ओर इशारा करता है?