Bihar Railway Project: औरंगाबाद शहर को अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी रेललाइन परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सदर प्रखंड के 11 मौजों में करीब 85.91 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.


प्रस्तावित रेललाइन के निर्माण से औरंगाबाद शहर सीधे रेलवे नेटवर्क से जुड़ सकेगा. जिला भू-अर्जन कार्यालय के अनुसार जम्होर, जगदीशपुर, जोकहरी, भरथौली, सुशनार, खैराबिंद, मोरौली, कठौतिया, रामपुर, परसा और कर्मा भगवान मौजा में जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है.


परसा में बनेगा रेललाइन का टर्मिनल

प्रस्तावित रेललाइन का अंतिम पड़ाव शहरी क्षेत्र में श्री सीमेंट के उत्तर स्थित परसा गांव के मौजा में बनाने का प्रस्ताव है. इसी क्षेत्र में रेललाइन का टर्मिनल विकसित किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद शहर तक रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा.


जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों की चिंता

रेललाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ किसानों की चिंताएं भी सामने आई हैं. किसानों ने प्रशासन से जमीन का उचित मूल्य निर्धारित कर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है.


जोकहरी और जगदीशपुर के कुछ किसानों ने जमीन की मापी पर भी आपत्ति जताई थी. किसानों का कहना है कि कम क्षेत्रफल में रेललाइन निकाले जाने के कारण कई भूखंडों के बीच से रेल ट्रैक गुजर रहा है. इससे उनकी जमीन दो हिस्सों में बंट जाएगी और खेती करने में परेशानी होगी.


किसानों के मुताबिक खेतों के बीच से रेललाइन गुजरने के बाद ट्रैक के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने में भी समस्या आएगी. ऐसे में उन्होंने रेललाइन के नीचे अंडरपास बनाने की मांग की है, ताकि किसान आसानी से अपने खेतों तक पहुंच सकें.


किसानों से बातचीत कर रहा प्रशासन

जिला प्रशासन के अधिकारी जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों से लगातार बातचीत कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से किसानों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है.


जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुवेंदु कुमार झा ने बताया कि जमीन अधिग्रहण को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. इसके बाद संबंधित रैयतों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.


औरंगाबाद-बिहटा रेल परियोजना का हिस्सा

अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद शहर तक प्रस्तावित यह रेललाइन औरंगाबाद-बिहटा रेल परियोजना का हिस्सा है. परियोजना के तहत औरंगाबाद शहर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है. जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब रेललाइन निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है.