Bihar Road Accident: बिहार के बेतिया जिले में एक शादी वाले घर की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात आने से ठीक पहले परिवार का एक सदस्य सड़क हादसे में अपनी जान गंवा बैठा। जिस घर में मंगलगीत गूंज रहे थे और बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक एक दर्दनाक घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।


यह हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शेखवाना मठ पटवारी टोला वार्ड संख्या 46 में हुआ, जहां 55 वर्षीय कुलदेव महतो की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, कुलदेव महतो अपने जीजा बद्री महतो के साथ बाइक से पिपरा चौक शादी का सामान खरीदने गए थे। उनके भाई प्रभु महतो की बेटी की शादी थी और घर में अंतिम तैयारियां चल रही थीं। सामान लेकर दोनों देर शाम घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


हादसे में कुलदेव महतो के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनके जीजा बद्री महतो भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने कुलदेव महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बद्री महतो का इलाज जारी है।


घटना की खबर जैसे ही शादी वाले घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जहां कुछ घंटे पहले तक शहनाइयों की तैयारी थी, वहां चीख-पुकार और रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं। हालांकि, सामाजिक जिम्मेदारी और रिश्तेदारों के सहयोग से किसी तरह शादी समारोह को पूरा किया गया, लेकिन पूरे गांव में गम का माहौल छा गया।


(बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट)