Bihar Bus Accident: अरवल के कुर्था थाना क्षेत्र में बस हादसे के आठ दिन बाद लापता चालक उपेंद्र कुमार का शव बरामद हुआ है. 31 अगस्त की शाम शाहगंज गांव के पास कुर्था-धमौल मार्ग पर लूना सवार को बचाने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में चली गई थी. हादसे के बाद चालक पानी में कूद गया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका था.
मंगलवार को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मंगरा हाट के पास उसी पईन से चालक का शव बरामद किया गया. शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी. कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान उपेंद्र कुमार के रूप में की गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
लूना सवार को बचाने के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त की शाम उपेंद्र कुमार बस लेकर कुर्था-धमौल मार्ग से गुजर रहे थे. उस दौरान सड़क पर बाढ़ का पानी बह रहा था. इसी बीच सामने आए लूना सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में चली गई.
बस में चालक उपेंद्र कुमार और सह चालक ही मौजूद थे. हादसे के बाद दोनों ने पानी में छलांग लगाकर अपनी जान बचाने की कोशिश की. सह चालक और लूना सवार सुरक्षित बच गए, लेकिन उपेंद्र कुमार लापता हो गए.
उपेंद्र कुमार जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के कसाई गांव के रहने वाले थे. उनके लापता होने के बाद बेटे मुकुल कुमार ने कुर्था थाने में आवेदन देकर पिता को खोजने की गुहार लगाई थी.
SDRF ने भी की थी तलाश
चालक के पानी में डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने पईन और आसपास के पानी में काफी देर तक खोजबीन की थी. जांच के दौरान उपेंद्र कुमार के मोबाइल का लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास मिला था, लेकिन उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.
कई दिनों तक तलाश के बाद मंगलवार को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मंगरा हाट के पास पईन में शव मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
शव मिलने के बाद उपेंद्र कुमार के स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस को पानी के तेज बहाव में बहने से बचाने के लिए तार के सहारे पेड़ से बांध दिया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया था. अब चालक का शव मिलने के बाद पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.