ARARIA: अररिया के जोकीहाट प्रखंड की चौकता पंचायत के वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल को जाली नोट के कारोबार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महलगांव थाना पुलिस ने उसके पास से 500 रुपये के 434 जाली नोट बरामद किए हैं। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 2.17 लाख रुपये बताई गई है।


इसकी जानकारी मंगलवार शाम अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।


एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोट का कारोबार किया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल स्थानीय स्तर पर इस कारोबार को संचालित करता है।


कामत पर छापेमारी, भागने की कोशिश में पकड़ा गया

सूचना के आधार पर महलगांव थाना पुलिस ने बरढेंगा गांव स्थित पनाउल्लाह के कामत पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।


तलाशी के दौरान उसके कामत से 500 रुपये के कुल 434 जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने सभी नकली नोटों को जब्त कर लिया है।


सिलीगुड़ी से आने की बात कही

एसपी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि जाली नोट पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से आए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जाली नोट के नेटवर्क में काम करने की बात भी स्वीकार की है।


मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 179, 180 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की है। अब पुलिस जाली नोट के इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।


पहले भी जेल जा चुका है आरोपी

एसपी ने बताया कि मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल इससे पहले भी चोरी के सामान की बरामदगी से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ महलगांव थाना में पहले से भी एक मामला दर्ज है।


एसपी ने छापेमारी में शामिल पुलिस टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड देकर सम्मानित करने की बात कही है।


छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल रहे

छापेमारी दल में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, एसआई रोमा कुमारी, एएसआई प्रेम कुमार, सिपाही रंजीत कुमार और होमगार्ड जवान सदानंद यादव शामिल थे।