Bihar Crime News: अररिया जिले से एक शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पलासी थाना क्षेत्र के पिपरा विजवार गांव में दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसे मोबाइल फोन पर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया. इसके बाद पीड़िता नासरीन ने अपने पति समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ पलासी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.


पीड़िता ने प्राथमिकी में पति नईम उद्दीन, ससुर जाकिर हुसैन, सास कुरेशा, रहीम, असकार समेत सात लोगों को आरोपित बनाया है. घटना 31 अगस्त की बताई गई है. थाना में शिकायत दर्ज कराने में देरी की वजह पीड़िता ने परिवार और ग्रामीण स्तर पर हुई पंचायती को बताया है.


2023 में हुई थी शादी

नासरीन के अनुसार, उसकी शादी 22 फरवरी 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार पिपरा विजवार गांव निवासी नईम उद्दीन से हुई थी. शादी के समय मायके वालों ने बाइक, जेवरात समेत अन्य सामान उपहार में दिया था. शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी. दंपती का एक नौ माह का बेटा भी है.


पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब छह महीने तक उसे ससुराल में ठीक से रखा गया. इसके बाद पति समेत ससुराल के अन्य लोग दो लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे. नासरीन ने बताया कि उसने ससुराल वालों से कहा कि शादी के समय ही मायके की ओर से बाइक, जेवरात और अन्य सामान दिया जा चुका है.


मोबाइल पर दिया तीन तलाक

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 31 अगस्त की शाम करीब सात बजे उसके पति ने घर से बाहर रहते हुए मोबाइल फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया. इसके बाद दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकाल दिया गया.


घर से निकाले जाने के बाद नासरीन ने मोबाइल फोन से अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर मायके के लोग पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए.


मामले में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.