अररिया के भरगामा थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर अपनी पहचान छिपाकर करीब छह साल तक प्रेम संबंध में रहने, पैसे लेने और शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. युवती के अनुसार, युवक ने शुरुआत में अपना नाम सोनू बताया था, जबकि बाद में उसकी पहचान मोहम्मद रब्बान के रूप में सामने आई. मामले को लेकर बांका निवासी 22 वर्षीय युवती ने भरगामा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
युवती ने अपने आवेदन में बताया है कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में रहती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात भरगामा थाना क्षेत्र के धनेश्वरी पंचायत के वार्ड संख्या सात निवासी मोहम्मद रब्बान से हुई. युवती का आरोप है कि युवक ने उस समय अपना नाम सोनू बताया था. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गया.
करीब 6 साल तक चला प्रेम संबंध
युवती के मुताबिक, दोनों के बीच करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था. इसी दौरान उसने युवक से शादी करने की बात कही. युवती का कहना है कि युवक के बुलाने पर वह अपनी मां और भाई के साथ शादी के उद्देश्य से उसके घर धनेश्वरी पंचायत पहुंची थी.
युवती के अनुसार, उसके घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद शादी की बात आगे नहीं बढ़ सकी. युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया.
युवती ने अपने आवेदन में युवक पर प्रेम संबंध के दौरान उससे पैसे लेने का भी आरोप लगाया है. उसने दावा किया है कि युवक ने उससे रुपये लिए और बाद में शादी से इनकार कर दिया. युवती ने मामले में उचित कार्रवाई के साथ-साथ अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है.
दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश, थाने पहुंची युवती
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की. हालांकि, बात नहीं बनी और युवती अपनी शिकायत पर कायम रही. इसके बाद उसने भरगामा थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष राजेश कुमार को लिखित आवेदन दिया.
भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि युवती की ओर से आवेदन दिया गया है. आवेदन में युवक पर प्रेम संबंध के दौरान पैसे लेने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष के अनुसार, युवती की ओर से रुपये ठगी से संबंधित कोई ठोस प्रमाण फिलहाल उपलब्ध नहीं कराया गया है. आवेदन की जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.