ARA : मॉब लिंचिंग की बढ़ती घटनाओं में भोजपुर जिला सबसे ऊपर जा रहा है। जिले में पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है और लोग हाथ में कानून लेकर अपराधियों की पिटाई कर रहे। ताजा मामला भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार का है जहां मंगलवार की रात ग्रामीणों ने एक युवक को चोर बताते हुए जमकर पिटाई की। ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी के इरादे से आए 3 लोगों को उन्होंने खदेड़ा जिसमें एक चोर उनके हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित लोगों के हत्थे चढ़े चोर की जमकर पिटाई हुई। लोगों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को चोर की जान बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बीते 19 जुलाई को भी चरपोखरी में ग्रामीणों के हत्थे चढ़े बच्चा चोर के लोगों ने जमकर पिटाई की थी। पिछले दिन हो आरा में लोगों ने चोर समझकर एक ऐसे शख्स की जमकर धुनाई कर दी थी जो अपनी बीवी से झगड़ा करके ससुराल से वापस लौट रहा था। इन घटनाओं के सामने आने के बाद भोजपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। आरा से केके सिंह की रिपोर्ट