BETTIAH : बिहार में भीड़ द्वारा की गई हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला बेतिया का है जहां आक्रोशित भीड़ ने एक शख्स को पीट पीटकर अधमरा कर दिया. पीड़ित शख्स के ऊपर एक बच्ची को चुराने का आरोप है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पूरी घटना जिले के नरकटियागंज शिकारपुर थाना इलाके की है. जहां धुमनगर चौक के पास सरेआम एक व्यक्ति की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी. लोगों ने पीट पीटकर उसे अधमरा कर दिया. मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति एक बच्ची को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था. उसके बाद भीड़ ने उसे पेड़ में रस्सी से बांध कर जमकर पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि धुमनगर रामजानकी मंदिर के पास रहने वाले मैदुद्दीन देवान अपने परिवार के साथ जा रहा था. तभी एक बदमाश उसकी 4 साल की बेटी फिजा खातून को लेकर जबरदस्ती चार पहिया वाहन में ले जाकर भागने की कोशिश करने लगा. ये सब देखते ही उसका बड़ा भाई रमजान देवान रोने लगा और जोर जोर से चिल्लाने लगा. तब उसकी मां ने अपनी बच्ची को पकड़ लिया और शोर मचाने लगी. महिला की आवाज़ सुनते ही लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. लोगों ने बच्ची चोर के आरोपी को पकड़कर उसे पेड़ से बांध दिया फिर उसकी जमकर पिटाई की गई. घटना की सूचना मिलते ही फौरन मौके पर पहुंची पुलिस ने उस आरोपी की जान बचाई. शिकारपुर थानाध्यक्ष ने फ़िलहाल अभी कुछ भी बताने से साफ इंकार किया है. बेतिया से अमित की रिपोर्ट