आरा पहुंचा शहीद दारोगा मिथिलेश का पार्थिव शरीर, भोजपुर एसपी ने दी सलामी, परिवार में मातम
ARA : छपरा के मढ़ौरा बाजार में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में शहीद हुए एसआईटी बल के सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार साह का पार्थिव शरीर आरा पहुंचा. भोजपुर एसपी सुशील कुमार शहीद को
✍ Admin
शेयर
ARA : छपरा के मढ़ौरा बाजार में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में शहीद हुए एसआईटी बल के सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार साह का पार्थिव शरीर आरा पहुंचा. भोजपुर एसपी सुशील कुमार शहीद को सलामी देने उनके घर पहुंचे. इससे पहले पटना में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने शहीद सब इंस्पेक्टर और सिपाही को श्रद्धांजलि दी. शहीद के घर वालों में मातम का माहौल है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है.
शहीद सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार साह भोजपुर जिले के आरा नगर थाना इलाके के मझौआ मुहल्ले के निवासी थे. जांबाज पुलिसकर्मी को खोने के बाद स्थानीय लोगों की भी आंखें नम हैं. मिथिलेश की पहचान जिले के तेजतर्रार दारोगा में थी. बता दें कि मंगलवार की देर शाम सारण में छापेमारी करने गई एसआइटी टीम पर अपराधियों ने हमला बोल दिया था. छपरा के मढ़ौरा बाजार स्थित एलआइसी ऑफिस के सामने स्कॉर्पियो सवार अपराधियों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. जिसमें एक दारोगा और सहरसा जिले के हवलदार फारुख आलम शहीद हो गए थे.
एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने जानकारी दी थी कि छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र में डकैती की घटना हुई थी, जिसकी जांच के लिए एसआइटी गठित की गई थी. टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए जा रही थी, उसी दौरान अपराधियों ने मढ़ौरा में पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
आरा से के के सिंह की रिपोर्ट